लाहौल घाटी में सर्दियों की भारी बर्फबारी अब डाक सेवा के रास्ते में बड़ी बाधा नहीं बनेगी। दुर्गम और बर्फ से कटने वाले इलाकों तक डाक पहुंचाने के लिए डाक विभाग अब ड्रोन तकनीक का सहारा लेने जा रहा है। विभाग ने केलांग की 10 दूरस्थ डाक शाखाओं तक ड्रोन से डाक पहुंचाने की योजना बनाई है। इन शाखाओं को ड्रोन डिलीवरी नेटवर्क से जोड़ने के लिए जल्द ही सर्वे शुरू किया जाएगा। इसके लिए टीम केलांग पहुंचकर चयनित डाक शाखाओं और संभावित ड्रोन रूट का जायजा लेगी।
बर्फबारी में सड़क बंद होने पर भी पहुंचेगी डाक
लाहौल घाटी में सर्दियों के दौरान भारी बर्फबारी के कारण कई क्षेत्रों का सड़क संपर्क प्रभावित हो जाता है। कई बार सड़कें बंद होने से डाक वाहनों के माध्यम से समय पर डाक पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। इसका सीधा असर दूरदराज के लोगों को मिलने वाली डाक सेवाओं पर पड़ता है।
ड्रोन डिलीवरी शुरू होने के बाद सड़क मार्ग पर निर्भरता काफी हद तक कम हो सकेगी। डाकघर से चयनित शाखाओं तक डाक को हवाई रास्ते से पहुंचाया जा सकेगा। इससे जरूरी डाक और विभाग से जुड़ी अन्य सेवाओं को समय पर संबंधित शाखाओं तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। खास तौर पर जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों में यह सुविधा मौसम की चुनौती के बीच डाक सेवा को जारी रखने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।