मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट-सूचना प्रौद्योगिकी (जेओए-आईटी) पदों पर लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रिया आखिरकार पूरी हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 23 अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी कर दी है। यह भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2022 में शुरू हुई थी, जो विभिन्न चरणों और न्यायिक प्रक्रिया के चलते करीब तीन साल बाद पूरी हो सकी।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार जेओए-आईटी पदों के लिए 7 सितंबर 2022 को आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसके बाद 20 अक्तूबर 2022 को कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 7645 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 4674 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा का आयोजन एनएसईआईटी लिमिटेड की ओर से किया गया था।
मामला न्यायालय में लंबित रहने के कारण परीक्षा परिणाम घोषित होने में देरी हुई। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट और उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुपालन में 10 अक्तूबर 2025 को कंप्यूटर आधारित परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। इसके बाद 21 नवंबर 2025 को एनआईईएलआईटी शिमला की ओर से टाइपिंग टेस्ट आयोजित किया गया, जो केवल क्वालिफाइंग प्रकृति का था।
टाइपिंग टेस्ट के बाद 2 दिसंबर 2025 को दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसके लिए 56 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 51 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। जांच के दौरान सभी उपस्थित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सही पाए गए। कंप्यूटर आधारित परीक्षा की मेरिट और टाइपिंग टेस्ट में अर्हता के आधार पर 23 अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची तैयार की गई।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि पीडब्ल्यूडी श्रेणी के एक पद का परिणाम सक्षम प्राधिकारी से स्पष्टीकरण और निर्णय के अभाव में फिलहाल लंबित रखा गया है। वहीं चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति हिमाचल प्रदेश सरकार के कार्मिक विभाग के निर्देशों के अनुसार सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद की जाएगी। उधर, विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी गौरव ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और नियमों के तहत पूरी की गई है।