हर माह 5-7 सौ रुपये वालों को दिया 1000 रुपये से अधिक का बिल
उपभोक्ताओं ने विभाग से लगाई बिल कम करने की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। शहर में जुलाई के पेयजल बिलों में हुई बढ़ोतरी से उपभोक्ता परेशान हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि इस बार उन्हें पहले की तुलना में करीब दोगुने बिल मिले हैं। पहले जहां 500 से 700 रुपये तक बिल आता था, वहीं इस बार 1000 रुपये से अधिक के बिल थमाए गए हैं। इससे घरेलू बजट प्रभावित हुआ है।
सुहड़ा निवासी इंद्रपाल, जय कुमार, पैलेस निवासी गुरदास सिंह, जेल रोड निवासी विकास और भगवान निवासी अजीत कुमार समेत अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि जून-जुलाई के बिल सामान्य से अधिक आए हैं। उन्होंने जल शक्ति विभाग से बिलों की समीक्षा कर राहत देने की मांग की है।
जल शक्ति विभाग मंडी के अधिशाषी अभियंता देवराज ने बताया कि बिल मीटर रीडिंग के आधार पर जारी किए गए हैं और इनमें किसी तरह की गड़बड़ी नहीं है। यदि किसी उपभोक्ता को बिल को लेकर संदेह है तो वह विभाग में शिकायत कर मीटर की जांच करवा सकता है।