बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार में पहली बार महिला अधिकारियों को मतगणना कार्य में नियुक्त किया गया है। महिलाएं बंजार में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना प्रक्रिया में भाग लेंगी।
महिला सशक्तीकरण एवं प्रशासनिक कार्यों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। बंजार के मतगणना केंद्र में कुल तीन मतगणना टेबल महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को आवंटित किए गए हैं। यहां वे मतगणना कार्य का दायित्व संभालेंगी।
इसके अतिरिक्त चार महिला अधिकारियों को रिजर्व ड्यूटी पर रखा गया है। इसके लिए शुक्रवार को महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्वाभ्यास करवाया गया। बंजार के एसडीएम पंकज शर्मा ने कहा कि बंजार प्रशासन की ओर से यह प्रयास महिलाओं की प्रशासनिक क्षमता, सहभागिता एवं नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।