पीडब्ल्यूडी के खिलाफ नारेबाजी, चार दिन का अल्टीमेटम दिया
बोले- सैंज बाजार की सड़क नहीं बनने से ठप हो रहा कारोबार
संवाद न्यूज एजेंसी
सैंज (कुल्लू)। आपदा के छह माह बाद व्यापार मंडल ने बाजार की मुख्य सड़क को लेकर लोक निर्माण विभाग का घेराव किया। सड़क बहाल न होने को लेकर व्यापारियों का विभाग के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा।
व्यापार मंडल सैंज के अध्यक्ष झावे राम ठाकुर ने कहा कि बार-बार शिकायत और मांग पत्र देने के बाद भी विभाग ने ठोस कदम नहीं उठाया है। इससे सैंज बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
व्यापार मंडल के सदस्यों का आरोप है कि सैंज बाजार को जोड़ने वाली क्षतिग्रस्त सड़क लगभग छह महीनों से बंद है। लोक निर्माण विभाग सुध नहीं ले रहा है। घेराव के दौरान व्यापारियों ने विभाग को दो टूक कहा कि अगर चार दिन में सड़क बहाली और मरम्मत का कार्य पूरा नहीं हुआ तो व्यापार मंडल सैंज उप मंडल कार्यालय लारजी का घेराव करने को मजबूर होगा। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से व्यापारी, आम लोग, मरीज और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी परेशान हैं। इस दौरान लोक निर्माण विभाग मुरादाबाद नारे भी लगाए गए। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कई बार विभागीय अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से शिकायत दी गई लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जब धन स्वीकृत हो चुका है तो फिर टेंडर लगाने और काम शुरू करने में देरी क्यों की जा रही है। लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति से न केवल कारोबार प्रभावित हो रहा है, बल्कि हर दिन दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और कारोबारियों को उनकी मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया।