जलशक्ति विभाग ने नए टैरिफ के अनुसार जारी किए हैं तीन महीने के बिल
लोग बोले- इसी तरह भारी-भरकम बिल आते रहे तो और बढ़ेंगी दिक्कतें
जल शक्ति विभाग ने जनवरी, फरवरी और मार्च के लिए जारी किए बिल
बलदेव राज
कुल्लू। शहर में उपभोक्ताओं एक बार फिर पानी के भारी-भरकम बिल आए हैं। पानी के बिल देख उपभोक्ताओं के होश उड़ गए हैं। बिल तीन गुना अधिक आने से उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
इससे पहले जुलाई के महीने में भी पानी के हजारों में बिल आए थे। जल शक्ति विभाग ने जनवरी, फरवरी और मार्च 2025 के बिल जारी किए हैं।
गौर रहे कि जलशक्ति विभाग ने नए टैरिफ के तहत बिल दिए हैं। गौर रहे कि जलशक्ति विभाग की ओर से जुलाई में छह महीने का बिल एक साथ जारी किया गया था। ऐसे में उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। लोगों की ओर से सरकार और जल शक्ति विभाग से भी पानी के बिल हर माह जारी करने का आग्रह किया गया था। अब दिसंबर में तीन महीने के बिल एक साथ हजारों में आने से उपभोक्ताओं के होश फाख्ता हो गए हैं। अगर किसी उपभोक्ता का बिल 10,000 रुपये मासिक आता था तो उसे दो से तीन गुना बिल आया है। व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी भारी-भरकम बिल थमाए हैं।
उपभोक्ता रविंद्र कुमार और अमित ने कहा कि पानी के बिल इस बार भी तीन गुना तक अधिक आए हैं। उपभोक्ताओं को तीन गुना अधिक पानी का बिल आया है। शहर में हजारों के पानी के बिल देखकर उपभोक्ता परेशान हैं। अगर पानी के बिल का इसी तरह का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं के लिए मुश्किलें होंगी। गौर रहे कि कुल्लू शहर में 4,000 से अधिक उपभोक्ता हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
पानी के बिल नए टैरिफ के तहत जारी किए है। बिल जनवरी, फरवरी और मार्च के आए हैं। उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए कहा गया है। - अमित कुमार, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग
इस संबंध में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से भी बात हुई है। सरकार ने टैरिफ बढ़ाने के आदेश नहीं दिए हैं। विभाग किस आधार पर बिल दे रहा है, यह समझ से परे है। उपभोक्ता बढ़े हुए बिल जमा न करवाएं। मामला फिर से सरकार के ध्यान में लाया जाएगा। - सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक, कुल्लू सदर