जिले में नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने उसके पिता को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ उसकी पत्नी ने शिकायत दर्ज करवाई है। महिला ने पति पर बेटी का यौन उत्पीड़न करने और घटना के बारे में बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, महिला ने 30 अक्तूबर को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में उसने बताया कि 25 अक्तूबर को पति की ओर से कथित तौर पर शारीरिक उत्पीड़न किए जाने के बाद उसे तेगूबेहड़ अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह अपनी दोनों बेटियों के साथ अपनी मां के पास रहने लगी थी।
बेटी ने मां को बताई घटना
महिला के मुताबिक, 30 अक्तूबर को सुबह उसका पति दोनों बेटियों को स्कूल खुलने के कारण अपने क्वार्टर ले गया था। दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच दोनों बेटियां अपनी नानी के क्वार्टर पहुंचीं। इसी दौरान बड़ी बेटी ने अपनी मां को बताया कि उसके पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। बेटी ने यह भी बताया कि आरोपी ने उसे इस बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी गिरफ्तार
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने पीड़िता का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मेडिकल परीक्षण करवाया और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।