भाजपा सरकार ने हिमाचल की संपदा लुटाई, मेरी रील बनाने को रखे हैं 50 लोग
समारोह में मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर प्रदेश की संपदा लुटाने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नालागढ़ में भाजपा सरकार के समय पांच हजार बीघा जमीन बिना पंजीकरण शुल्क के एक करोड़ रुपये की लीज पर दी गई, जबकि इसका मूल्य करीब 10 हजार करोड़ रुपये बताया गया। इसके बावजूद वहां बिजली परियोजनाएं स्थापित नहीं हो पाईं।मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के पांच गुटों के 50 लोग सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ भ्रांतियां फैलाने और उनकी रील बनाकर वायरल करने में लगे हैं।
सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए नियमों में बदलाव किए हैं। मकान क्षतिग्रस्त होने पर सात लाख रुपये तक मुआवजे का प्रावधान किया गया है। उन्होंने वर्ष 2025 में आपदा राहत के तहत सहायता राशि बढ़ाकर आठ लाख रुपये किए जाने का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर हिमाचल की मदद नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से आपदा प्रभावित प्रदेश के लिए 1500 करोड़ रुपये देने की बात कही गई थी, लेकिन यह सहायता अब तक नहीं मिली। उन्होंने विधायक सुंदर ठाकुर का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के मुद्दे उठाने पर जयराम ठाकुर को परेशानी होती है। उन्होंने विधायक सुंदर ठाकुर का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी सुंदर ठाकुर प्रदेश के मुद्दों पर खुले मन से सवाल उठाते हैं, तो पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को परेशानी होती है।