लाहौल-स्पीति के काजा में 14 लाख से बगा शॉपिंग कांप्लेक्स
विधायक अनुराधा राणा ने किया उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। स्पीति उपमंडल मुख्यालय काजा में अब लोगों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिलेंगी। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) परिसर काजा के समीप शॉपिंग कांप्लेक्स बनाया गया है।
इसके निर्माण पर विधायक निधि से करीब 14 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इससे पहले स्थानीय जनता को सामान खरीदने के लिए जगह-जगह पर जाना पड़ता था। ऐसे में सर्दियों के दिनों खासकर बर्फबारी होने की सूरत में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब शॉपिंग कांप्लेक्स बनने से लोगों को सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें खरीदारी के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। यहां से आसानी से सामान खरीद सकेंगे। आईटीबीपी परिसर काजा के समीप वीरवार को स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने इस शॉपिंग कांप्लेक्स का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया। विधायक ने कहा कि इस शॉपिंग कांप्लेक्स के निर्माण से स्थानीय लोगों को अब आवश्यक सामान खरीदने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। खासकर सर्दियों में जब बर्फबारी के कारण आवाजाही कठिन हो जाती है। उस समय उन्हें घरद्वार के समीप सभी आवश्यक सामान उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि यह सुविधा न केवल स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देगी, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी लाभदायक साबित होगी। इस शॉपिंग कांप्लेक्स में सामुदायिक बैठकों के लिए हॉल, दूरदराज से आने वाले ग्रामीणों के ठहरने की व्यवस्था तथा शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीणों को सभी मूलभूत सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध हों ताकि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी उनका जीवन आसान बन सके।