धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जून में आयोजित 10 विषयों की अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) की अस्थायी उत्तरकुंजी (आंसर-की) जारी कर दी है। इसके साथ ही बोर्ड ने अभ्यर्थियों से उत्तरकुंजी पर 16 जुलाई तक प्रमाणित तथ्यों सहित आपत्तियां मांगी हैं।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि जून में स्पेशल एजुकेटर टेट (प्री-प्राइमरी से कक्षा-5 एवं कक्षा 6 से 12), टीजीटी (आर्ट्स, मेडिकल, नॉन-मेडिकल, संस्कृत, हिंदी), जेबीटी, पंजाबी और उर्दू विषयों की परीक्षा ली गई थी। यदि किसी अभ्यर्थी को उत्तरों पर कोई आपत्ति है, तो वह 16 जुलाई तक प्रामाणिक तथ्यों और संबंधित संदर्भ पुस्तकों के साक्ष्यों के साथ बोर्ड की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर अपनी आपत्ति भेज सकता है।
बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवार कार्य दिवसों में व्यक्तिगत रूप से आकर या डाक माध्यम से भी आपत्तियां जमा करवा सकते हैं, जो 16 जुलाई शाम 5:00 बजे तक कार्यालय पहुंचनी अनिवार्य हैं। तय तिथि के बाद किसी भी लिखित या मौखिक आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा विषय विशेषज्ञों की समिति से करवाई जाएगी, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर ही अंतिम उत्तरकुंजी और फाइनल परिणाम घोषित होगा।