ज्वाली में चलती बाइक से महिला के कान की बाली ले उड़ा चेन स्नेचर
पुलिस ने मामला दर्ज कर खंगाले क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे
संवाद न्यूज एजेंसी
रैहन (कांगडा)। ज्वाली–जसूर सड़क पर रविवार शाम एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने महिला के कान से सोने की बाली झपट ली। इस घटना के बाद क्षेत्र में डर का माहौल है।
जानकारी के अनुसार चलवाड़ा पंचायत के अंतर्गत डूक्की गांव का एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल पर कहीं जा रहा था। जब वे कैहरियां डिपो के समीप पहुंचे तो पीछे से आई बिना नंबर की बाइक पर सवार एक युवक ने चलते वाहन के पास आकर महिला के कान से सोने की बाली झपट ली और फरार हो गया।
पीड़ित परिवार ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत इलाके में नाकाबंदी कर दी है। थाना प्रभारी प्रीतम जरियाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज क़र छान बीन शुरू क़र दी है।
उन्होंने कहा कि आरोपी बाइक सवार की पहचान के लिए कैहरियां व आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।आरोपी जल्द सलाखों के अंदर होगा।
इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।