भरेड़ी-अवाहदेवी सड़क की दयनीय हालत। स्रोत : जागरूक पाठक
भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत भरेड़ी-अवाहदेवी सड़क खराब स्थिति में पहुंच चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जबकि सड़क किनारे बनी नालियां भी गायब हैं।
बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है। सड़क पर गड्ढों की भरमार के कारण वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है। आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बड़ोह ग्राम सुधार सभा के प्रधान राकेश शर्मा उर्फ सोनी सहित ग्रामीणों में विजय कुमार, लवली, अभिषेक, सक्षम, राजेश, संजय, धर्म चंद, लेखराज, सुरेंद्र, कमलेश आदि ने बताया कि भरेड़ी से डाडू तक का हिस्सा भोरंज लोक निर्माण सबडिवीजन के अधीन है, जबकि डाडू से अवाहदेवी (वाया चम्बोह समीरपुर) तक का भाग समीरपुर सब-डिवीजन के तहत आता है।
इस वजह से समन्वय की कमी के चलते सड़क की मरम्मत कार्य में लापरवाही देखने को मिल रही है। उन्होंने मांग की है कि जल्द ही सड़क की मरम्मत करवाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
यह सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके सुधरने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। लोक निर्माण विभाग भोरंज के सहायक अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि सड़क की जल्द ही मरम्मत करवा दी जाएगी।