सुल्तानपुर (चंबा)। सुल्तानपुर चौक पर निजी बस और कार के बीच टक्कर हो गई। दोनों वाहनों के चालक एक-दूसरे पर गलती का आरोप लगाने लगे। इससे वाहनों का जाम लग गया।
लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इतने में लोगों ने पुलिस को भी सूचना दे दी। इससे पहले कि पुलिस कोई कार्रवाई करती, दोनों चालकों ने आपस में समझौता कर लिया। इससे मामला पुलिस में दर्ज नहीं हो पाया। हालांकि, 15 मिनट तक विवाद चलने से वहां ट्रैफिक पूरी तरह से जाम हो गया। हेलीपैड मार्ग पर पहले ही यातायात ठप है। कॉलेज मार्ग पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही हो रही है। ऐसे में सोमवार को सुबह के समय जब यह हादसा हुआ तो ट्रैफिक व्यवस्था भी चरमरा गई। विवाद सुलझने के बाद ही वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई। संवाद