चंबा के चौगान नंबर दो में सूर्य घर योजना को लेकर कार्यक्रम के दौरान मौजूद उपायुक्त और अन्य।संवा
चंबा। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में चौगान नंबर-दो में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को उनके घर की छत पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाने पर आकर्षक सब्सिडी और आसान ऋण सुविधा प्रदान की जा रही है। उपायुक्त ने बताया कि एक किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र पर 33,000 रुपये, दो किलोवाट पर 66,000 रुपये और तीन किलोवाट तक के संयंत्र पर 85,800 रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसके साथ ही बैंकों के माध्यम से छह प्रतिशत की ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि इच्छुक लाभार्थी pmsuryaghar.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, या विद्युत विभाग, हिम ऊर्जा तथा स्थानीय प्राइवेट वेंडर जैसे कि चंबा के शर्मा ट्रेडर्स, भद्रम से संपर्क कर सकते हैं।
उपायुक्त ने यह भी बताया कि सौर ऊर्जा संयंत्र से उत्पन्न अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर आमदनी भी प्राप्त की जा सकती है, जिसके लिए विद्युत बोर्ड 1.62 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली खरीदता है।