जालंधर और अमृतसर के नींबू के दाम प्रतिकिलो 100 से 150 रुपये तक बढ़े
गर्मी बढ़ने के साथ खरबूजा, तरबूज, सेब और अंगूर के दामों में भी आया उछाल
मोहम्मद अयूब
चंबा। शहर में तपती गर्म लोगों के खूब पसीने छुड़ा रही है। जिले का तापमान 33 डिग्री तक पहुंच गया है। गर्मी से बचने के लिए लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हैं।
झुलसा देने वाली गर्मी से राहत पाने के लिए नींबू पानी और गन्ने का रस पीने को तवज्जो दे रहे हैं। इस बीच, बाजार में नींबू के दाम प्रति किलो 300 से 350 रुपये तक पहुंच गए हैं। जालंधर और अमृतसर मंडी से पहुंचने वाले महंगे नींबू खरीदने से सब्जी विक्रेता भी परहेज करने लगे हैं। नींबू पानी का गिलास 15 से 20 रुपये का हो गया है। आने वाले दिनों में इसके दाम 25 रुपये तक पहुंचने के कयास लगाए जा रहे हैं। सब्जी मंडी में नींबू अब गिनी-चुनी दुकानों में ही देखने को मिल रहा है। अप्रैल महीने में तेज धूप के चलते पारा बढ़ने लगा है। लोग शहर में खरीदारी करने के लिए भी सोच समझकर ही निकल रहे हैं। दोपहर के समय अब धीरे-धीरे बाजार में सन्नाटा ही पसरा देखने को मिल रहा है। बढ़ती गर्मी के बीच लोग नींबू पानी पीने का लुत्फ उठाते हैं लेकिन नींबू के दाम में उछाल आ गया है।
दुकानदारों में परविंद्र कुमार, बलदेव कुमार, संजय कुमार और हर्ष कुमार ने कहा कि पहले नींबू के दाम 150 से 200 रुपये किलो थे। अब अमृतसर और जालंधर से आने वाले नींबू के दाम प्रति किलोग्राम 100 से 150 रुपये तक बढ़े हैं। सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक नींबू के दाम 300 से 350 प्रति किलो पहुंचने से इसकी खपत कम हो रही है। बाजार में खरबूजा 50 से 70 रुपये, तरबूज 30 से 50 रुपये, अमरूद 150 से 180 रुपये, आम 150 से 170 रुपये, सेब 160 से 200 रुपये और अंगूर 150 से 170 रुपये किलो बिक रहे हैं।