21 बसें देने का दावा, पांच बसें मिलने के बावजूद चंबा नहीं पहुंचीं चार्जिंग प्वाइंट भी अधूरा
धर्मशाला-कांगड़ा डिपो में शुरू हुआ संचालन, चंबा के लोगों को अब भी इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। प्रदेश के कई डिपुओं में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो चुका है लेकिन चंबा एक बार फिर इस सुविधा से पीछे रह गया है। चंबा को 21 इलेक्ट्रिक बसें देने का दावा किया गया था। इसके बाद पांच बसें मिलने की बात सामने आई लेकिन अभी तक इनमें से कोई भी बस चंबा डिपो तक नहीं पहुंची है। बसों के संचालन के लिए जरूरी चार्जिंग प्वाइंट भी अभी तैयार नहीं हो पाया है।
धर्मशाला और कांगड़ा डिपो में इलेक्ट्रिक बसों की आवाजाही शुरू होने के बाद चंबा के लोगों को भी जल्द सुविधा मिलने की उम्मीद जगी थी। हालांकि, बसों के चंबा नहीं पहुंचने और चार्जिंग पॉइंट का काम अधूरा होने से यात्रियों में निराशा है। लोगों का कहना है कि प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में नई परिवहन सुविधाएं शुरू हो रही हैं जबकि चंबा को बार-बार इंतजार करना पड़ रहा है।
चंबा निवासी रविंद्र सिंह किश्तवाड़िया, प्रदीप कुमार, तेजू सिंह, नरेश कुमार, किशोरी लाल और दलीप कुमार ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर और आधुनिक परिवहन सुविधा मिल सकती है। डीजल बसों की तुलना में प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने सरकार और परिवहन विभाग से चंबा में जल्द इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने की मांग की है।
प्रांतीय प्रधान मान सिंह ठाकुर ने कहा कि चंबा को इलेक्ट्रिक बसें देने का आश्वासन मिला है। कई डिपो में संचालन शुरू हो चुका है, इसलिए चंबा को भी जल्द इस सुविधा से जोड़ा जाना चाहिए। उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसें चंबा को भी जल्द मिलेंगी। चार्जिंग पॉइंट तैयार करने का काम चल रहा है।