खज्जियार (चंबा)। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से प्रसिद्ध खज्जियार तक जाने वाला बैंसका मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और बजरी पूरी तरह उखड़ चुकी है। बारिश के दौरान सड़क कीचड़ से भर हो जाती है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए आवाजाही मुश्किल हो जाती है।
स्थानीय निवासी सन्नी कुमार, सोनू, बिटू, मनोज कुमार, प्यार सिंह, योगराज, धर्मेंद्र कुमार और सुरेश ने बताया कि क्षेत्र की पर्यटन पहचान के बावजूद लोगों को अब भी मूलभूत सुविधाएं ठीक ढंग से उपलब्ध नहीं हैं। उनका कहना है कि मार्ग की खराब हालत का असर पर्यटकों की आवाजाही पर भी पड़ सकता है। लोगों ने सरकार और प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करवाने और स्थायी समाधान तलाशने की मांग की है।