पांगी (चंबा)। प्रधान संघ पांगी की बैठक प्रधान सतीश शर्मा की अध्यक्षता में इको टूरिज्म हट किलाड़ में हुई। बैठक में बीपीएल चयन प्रक्रिया के दिशा-निर्देशों में संशोधन की मांग प्रदेश सरकार से की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा गया।
सतीश शर्मा ने बताया कि विकास खंड पांगी में 2300 परिवारों ने बीपीएल के लिए आवेदन किए थे, लेकिन सरकार के दिशा-निर्देशा अनुसार महज 19 पंचायतों के 150 परिवार ही निर्धारित शर्तों को पूरा कर बीपीएल सूची में शामिल होने के पात्र पाए गए हैं। कई परिवार ऐसे है कि जिनके पास आय का कोई भी साधन न होने पर उन्हें अपात्र कर दिया गया है। पांगी की भौगौलिक परिस्थितियों के साथ मात्र चार-पांच माह का ही मेहनत मजदूरी करने का समय रहता है। इतना ही नहीं, कई परिवारों को अपने जीवन यापन करने के लिए राशन लेना भी संभव नहीं होता है न तो पांगी में कोई औद्योगिक क्षेत्र है न ही कोई और आजीविका कमाने का साधन है। ऐसे में बीपीएल सूची तैयार करने के लिए दिए गए दिशा-निर्देशों में संशोधन होना अति आवश्यक है।