बंदला कॉलेज में 10 किलोवाट सोलर इंक्यूबेशन केंद्र का लोकार्पण
कॉलेज के विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने रविवार को केके फाउंडेशन के माध्यम से राजकीय हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला में स्थापित 10 किलोवाट क्षमता के सोलर इंक्यूबेशन केंद्र का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने फाउंडेशन के माध्यम से लगाए गए एक मेडिकल कैंप का भी शुभारंभ किया। अध्यक्षता परमवीर चक्र विजेता कैप्टन संजय कुमार ने की।
उन्होंने राजकीय हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला में 10 किलोवाट क्षमता का सोलर इंक्यूबेशन केंद्र स्थापित करने के लिए केके फाउंडेशन के अध्यक्ष केके कश्यप का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सामाजिक सेवा क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे हैं। वह इसी तरह एक अन्य सोलर इंक्यूबेशन केंद्र राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान कलोल में भी स्थापित कर रहे हैं, जिसे भी जल्द ही समर्पित किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए विद्यार्थी जीवन सबसे उत्तम समय है। अनुशासन में रहकर पूरे समर्पण भाव के साथ की गई कड़ी मेहनत ही जीवन में सफलता की नींव है। उन्होंने कहा कि वे बेहतर कल के लिए आज के समय को बेहतर बनाते हुए आगे बढ़ें। कॉलेज की पढ़ाई पूर्ण करने के उपरांत उन्हें समाज की विभिन्न चुनौतियों का भी सामना करना पड़ेगा जिसके लिए भी वह स्वयं को तैयार रखें।
राजेश धर्माणी ने कहा कि कड़ी मेहनत के बावजूद भी उन्हें सफलता हासिल नहीं होती है तो अगले लक्ष्य को निर्धारित करते हुए आगे बढ़ें। जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनेक विकल्प उपलब्ध हैं, जिनका उन्हें लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों से लड़ने के लिए तीन मंत्र दिए। पहला वह ऐसी स्थिति में कार्य करें जिसे वह नियंत्रित कर सकते हैं। दूसरा उन परिस्थितयों में आगे बढ़ें जिन्हें वह प्रभावित कर सकते हैं और तीसरा मंत्र उस परिस्थिति के लिए भी स्वयं को तैयार रखें जिसे न तो वह नियंत्रित कर सकते हैं न ही प्रभावित। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने परमवीर चक्र विजेता कैप्टन संजय कुमार को यूथ आइकॉन के तौर पर नामित किया है जो आने वाले समय में प्रदेश के युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों को बतौर कॅरिअर अपनाने के लिए प्रेरित करने का कार्य करेंगे। उन्होंने कॉलेज के विभिन्न विकास कार्यों के लिए भविष्य में पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कॉलेज की विभिन्न लैब का भी अवलोकन किया और कॉलेज के आठवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों हर्ष शर्मा और काव्यांश की ओर से तैयार सोलर पायरोसिस मॉडल का भी अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। इससे पहले कॉलेज के प्राचार्य प्रो. उमेश राठौर ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से कॉलेज की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विवेक कुमार, हिमुडा निदेशक जितेंद्र चंदेल, जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष तृप्ता, पूर्व जिला पार्षद गौरव शर्मा, राजेंद्र ठाकुर, जिला कोऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन रणजीत कश्यप, निर्मला राजपूत, निदेशक तकनीकी शिक्षा दिनेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बंदला कॉलेज में कार्यक्रम के दौरान लैब का निरीक्षण करते मंत्री राजेश धर्माणी व अन्य। स्रोत: डीप