बैहरन मैदान में आयोजित जिला स्तरीय बैसाखी नलवाड़ी मेला में कुश्ती दंगल प्रतियोगिता के दौरान जी
बैसाखी नलवाड़ी मेला झंडूता में दिखा दंगल का रोमांच
बैहरन मैदान में हुए जिला स्तरीय मेले में देर रात तक चले मुकाबले
उपायुक्त राहुल कुमार ने विजेताओं को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं(बिलासपुर)। झंडूता उपमंडल के बैहरन मैदान में आयोजित जिला स्तरीय बैसाखी नलवाड़ी मेले में शनिवार रात पारंपरिक कुश्ती का आयोजन हुआ। रात करीब नौ बजे तक चले मुकाबलों में पहलवानों ने दमखम दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैदान में देर रात तक तालियों और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।
कुश्ती प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता और उपविजेता पहलवानों को आकर्षक नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उपायुक्त ने कहा कि नलवाड़ी मेला हिमाचली संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन युवाओं को शारीरिक फिटनेस के साथ पारंपरिक खेलों से जोड़ने का कार्य करते हैं। बड़ी माली वर्ग में विकास रोहतक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि जस्टा मैक रोड उपविजेता रहे। छोटी माली वर्ग में अजय बिलासपुर ने दमदार प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया। दोनों वर्गों के मुकाबलों में पहलवानों ने ताकत, तकनीक और जज्बे का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस अवसर पर झंडूता की एसडीएम अर्शिया शर्मा, विकास खंड अधिकारी संजीव पुरी, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने मेले के सफल आयोजन के लिए प्रशासन की सराहना की।