आपदा की वास्तविक परिस्थितियों से निपटने के लिए विद्यार्थियों को दिया प्रशिक्षण
भराड़ी स्कूल में हुई मॉक ड्रिल, एसडीएम रहे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भराड़ी में मंगलवार को आपदा प्रबंधन पर मॉक ड्रिल की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को आपदा की वास्तविक परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे।
आपदा प्रबंधन दल ने भूकंप, आग और भूस्खलन जैसी स्थितियों का वास्तविक परिदृश्य प्रस्तुत किया। स्कूल भवन की दूसरी मंजिल पर आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें विद्यार्थियों को लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का तरीका बताया गया। अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने मौके पर आग बुझाने के उपकरणों का प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आपदा के समय प्राथमिक उपचार देने की विधि भी समझाई गई। घायल व्यक्ति को किस प्रकार सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए और एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया का भी व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
एसडीएम गौरव चौधरी ने कहा कि आपदा किसी भी समय और किसी भी रूप में आ सकती है। भूकंप, आग, भूस्खलन या अन्य प्राकृतिक आपदाओं के समय सबसे पहला कर्तव्य जान-माल की सुरक्षा करना होता है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में घबराने की बजाय सही जानकारी और प्रशिक्षण के माध्यम से शांति व संयम से कार्य करना चाहिए।
विद्यार्थियों से कहा कि वे इस प्रशिक्षण को गंभीरता से लें, क्योंकि यही ज्ञान भविष्य में किसी भी आपदा के समय दूसरों की सहायता करने में सहायक सिद्ध होगा। प्रधानाचार्य जयचंद हीर ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आपदा से निपटने के लिए व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं। इस मौके पर खाद्य आपूर्ति विभाग से निरीक्षक विनोद कपिल, सीडीपीओ रंजना शर्मा, थाना प्रभारी अनूप, एसएमओ डॉ. विनोद, नायब तहसीलदार प्यारेलाल, होमगार्ड और दमकल विभाग की टीम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।