स्किल अपग्रेडेशन व उद्यमिता प्रोत्साहन पर रहा फोकस
मार्केटिंग, साइबर सुरक्षा और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दी जानकारी
विभिन्न ट्रेड में विशेषज्ञों ने दिया प्रशिक्षण व मार्गदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जन शिक्षण संस्थान बिलासपुर के मुख्य केंद्र विजयपुर में शनिवार को क्षमता निर्माण कार्यक्रम हुआ, जिसका मुख्य विषय स्किल अपग्रेडेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप प्रमोशन रहा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में राष्ट्रपति स्काउट अवार्ड से सम्मानित कुमारी शेफाली उपस्थित रहीं। शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। चेतना संस्था के अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने स्वागत किया, जबकि संस्थान के निदेशक अरुण कुमार गौतम ने संस्थान की उपलब्धियां बताईं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए यह संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और विभिन्न कौशलों के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। लीड बैंक प्रतिनिधि भानु कालिया ने साइबर सुरक्षा के महत्व और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं प्रोफेसर राजकुमार ने मार्केटिंग और सेल्स के अंतर व उनकी उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ लोकेश राणा और ई-कॉमर्स विशेषज्ञ चिराग ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यवसाय बढ़ाने के गुर सिखाए। कार्यक्रम के अंतर्गत फैशन डिजाइन, ड्रेस मेकिंग, हैंड एम्ब्रॉयडरी, जूट प्रोडक्ट निर्माण, ब्यूटी पार्लर एवं फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में अलग-अलग वर्कशॉप आयोजित की गईं।
फैशन विशेषज्ञ सुधीर तिरंगा ने डिजाइनिंग, पैटर्न मेकिंग व गारमेंट निर्माण पर प्रशिक्षण दिया। टेक्सटाइल डिजाइनर कुनाल ने जूट उत्पादों एवं एम्ब्रॉयडरी के नए आयामों से अवगत कराया। ब्यूटी विशेषज्ञ मानसी शर्मा ने स्किन केयर, हेयर केयर व सैलून मैनेजमेंट पर जानकारी दी, जबकि पूजा बग्गा ने फूड प्रोसेसिंग, हाइजीन व उत्पाद विकास के बारे में प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया। कुमारी शेफाली ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि कौशल विकास महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में कोई न कोई कौशल होता है, जिसे पहचान कर आगे बढ़ाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में कविता शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर संस्थान के अनेक कर्मचारी, प्रशिक्षक एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे। उनके साथ प्रोफेसर मैनेजमेंट महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक से राजकुमार, फैशन विशेषज्ञ सुधीर तिरंगा, टेक्सटाइल डिजाइनर एवं वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक कुनाल, ब्यूटी विशेषज्ञ कुमारी मानसी शर्मा, फूड प्रोसेसिंग विशेषज्ञ कुमारी पूजा बग्गा, डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ लोकेश राणा, ई-कॉमर्स विशेषज्ञ चिराग, लीड बैंक बिलासपुर के प्रतिनिधि भानु कालिया मौजूद रहे।