बिलासपुर। राजकीय उच्च विद्यालय मातला में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ ली। विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली भी निकाली। इस मौके पर विद्यालय को गोद लेने वाले सेवानिवृत्त शास्त्री दिल्ला राम और स्वयंसेवक भूरी सिंह उपस्थित रहे। दिल्ला राम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी। भूरी सिंह ने विद्यार्थियों को जागरूकता शपथ दिलाई। मुख्याध्यापक कुलदीप कुमार ने बताया कि बीते कुछ साल से देश में सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी होती जा रही है। साल 2019 में भारत में 4.56 लाख दुर्घटनाएं दर्ज की गई थीं, जिनमें लगभग 1.59 लाख मौतें हुई थीं। साल 2020 में 3.7 लाख दुर्घटनाएं हुईं। उसके बाद साल 2021 में भारत में लगभग 4.2 लाख सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जो साल 2022 में बढ़कर 4.61 लाख और 2023 में 4.80 लाख हो गईं। ऐसे में रोड सेफ्टी एक अहम मुद्दा बन गया है।