झंडूता के गुगा मंदिर गेहड़वीं में आयोजित जागरूकता शिविर में एसडीएम को सम्मानित करतीं पंचायत प्र
एसडीएम ने दिलाई नशामुक्त समाज की शपथ, युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से बुधवार को गुगा मंदिर गेहड़वीं में नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर की अध्यक्षता एसडीएम झंडूता अर्शिया शर्मा ने की। इस दौरान युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभाव बताए गए और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। एसडीएम ने कहा कि नशा मुक्त समाज के लिए सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। युवाओं को नशे से दूर रहने के साथ अपने साथियों को भी जागरूक करना चाहिए। बीडीओ संजीव पुरी ने नशे को समाज के लिए गंभीर चुनौती बताया। पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रोमिला बसु ने नशे के खिलाफ जन-आंदोलन की जरूरत पर जोर दिया। पुलिस आरक्षी सन्नी कपिल ने एनडीपीएस अधिनियम की जानकारी दी, जबकि स्वास्थ्य शिक्षक कमल ने नशे से होने वाले शारीरिक और मानसिक नुकसान बताए। तहसील कल्याण अधिकारी कमल कांत ने जिले में चल रहे नशा मुक्त भारत अभियान की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया और लोगों से पौधों के संरक्षण का आग्रह किया।