संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम के सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान के तहत रविवार को वार्ड-21 स्थित सुभाषचंद्र बोस पार्क में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मेयर सुमन बहमनी और नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देश पर आयोजित अभियान में पार्क परिसर से कचरा हटाने के साथ फुटपाथों पर उगी घास और खरपतवार की सफाई की गई।
अभियान के दौरान सफाई मित्रों ने पार्क में फैले कचरे को एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया। साथ ही पैदल मार्गों को साफ कर आने-जाने योग्य बनाया गया, जिसे सुबह-शाम सैर और व्यायाम करने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सफाई के बाद पार्क का वातावरण पहले से अधिक स्वच्छ और आकर्षक नजर आया।
अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि मानसून के दौरान नियमित सफाई बेहद जरूरी है। इससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम में मदद मिलती है और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिलता है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने और शहर को स्वच्छ रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।
अभियान के दौरान वार्ड के पार्षद मंजीत कौर और उनके प्रतिनिधि मदन लाल ने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर टीम के कार्य की सराहना की। इस मौके पर स्वच्छ भारत मिशन शहरी के आईईसी विशेषज्ञ आकाश कुमार, गगन कुमार, नगर निगम के सुपरवाइजर अमित कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।