यमुनानगर। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने जिले में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्धों और वाहनों की नियमित जांच का आदेश दिया है।
पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, मुंह पर कपड़ा बांधकर वाहन चलाने वाले, काली फिल्म लगी गाड़ियां और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अपराधी अक्सर वारदात को अंजाम देने के लिए बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों का इस्तेमाल करते हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है।
वहीं यातायात नियमों की अनदेखी सड़क हादसों के साथ-साथ अपराधों को भी बढ़ावा देती है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने और विवाद की आशंका बनी रहती है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि रात्रि गश्त और नियमित चेकिंग से अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाकर जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।