व्यासपुर। कपालमोचन-मोहड़ी रोड पर मिल्क खास बस स्टैंड के समीप साईं मंदिर के सामने सड़क पर लगे इंटरलॉकिंग ब्लॉक उखड़ने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हो गया है। लोगों का आरोप है कि कई दिनों से सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार कुछ माह पहले ही सड़क के इस हिस्से पर इंटरलॉकिंग ब्लॉक लगाए गए थे, लेकिन भारी और ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण ब्लॉक अपनी जगह से निकल गए। सड़क के बीचों-बीच उखड़े पड़े ब्लॉक किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। लगभग एक सप्ताह से अधिक समय से यह समस्या बनी हुई है। दिनभर इस मार्ग से दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में वाहन चालकों को अचानक संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है। रात के समय और बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, चूंकि उखड़े ब्लॉक और गड्ढे आसानी से दिखाई नहीं देते।
कई वाहन चालक इन ब्लॉकों से बचने के प्रयास में अचानक वाहन मोड़ देते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीण गुरपाल सिंह, साहब सिंह, जगमाल सिंह, शिवचरण और अशोक सहित अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग से क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत करवाने और उखड़े ब्लॉकों को दोबारा सही तरीके से लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग को इस समस्या के समाधान के लिए गंभीरता दिखानी चाहिए।