यमुनानगर। सरकार से हुए समझौते को लागू करने की मांग को लेकर नगर पालिका और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को 14वें दिन भी जारी रही। नगर निगम परिसर में धरने पर बैठे कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष जताया।
अब कर्मचारियों ने आंदोलन को अगले चरण में ले जाने का निर्णय लिया है। गुरुवार से विधायक और मंत्रियों के आवास व कार्यालयों पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपे जाएंगे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 21 अगस्त तक मांगों के संबंध में लिखित आदेश जारी नहीं किए गए तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
नगर पालिका शाखा प्रधान पपला, दमकल केंद्र प्रधान विजेंद्र, नगर पालिका शाखा कोषाध्यक्ष संजय, दमकल कर्मचारी सचिव रिंकू कुमार, नगर पालिका राज्य महासचिव मांगेराम तिगरा और दमकल के राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज ने कहा कि सरकार के साथ वार्ता में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनी थी। इसके बावजूद मांगों को लागू करने के संबंध में अभी तक लिखित आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
संजीत, सुभाष, रमन, सोरण, सुनील, कांता, अनीता, ललित कुमार, अमित कुमार, जगविंद्र, हरमिंद्र सिंह, पंकज शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, संजीव, गुरिंद्र सिंह, सुखबीर और पंकज कुमार ने कहा कि पालिका रोल, दैनिक वेतनभोगी, एचकेआरएनएल तथा फायर विभाग के अनुबंधित ड्राइवरों और फायरमैन को नियमित करना, खाली पदों पर स्थायी भर्ती करना, हटाए गए कर्मचारियों को ड्यूटी पर वापस लेना और सफाई व सीवर कार्यों से ठेका प्रथा समाप्त करना प्रमुख मांगें हैं।
इसके अलावा न्यूनतम 15,220 रुपये वेतन, ईएसआई-ईपीएफ सुविधा, 30 लाख रुपये दुर्घटना बीमा, पांच लाख रुपये मेडिक्लेम, वर्दी व जोखिम भत्ता तथा फायर कर्मियों के लिए 50 लाख रुपये की एक्स-ग्रेशिया नीति लागू करने की मांग की जा रही है। संवाद