गोहाना । गांव नूरनखेड़ा के पास से दो दिन पहले तूड़ी व्यापारी के अपहरण का मामला झूठा निकला है। जांच में खुलासा हुआ है कि गांव खंदराई निवासी तूड़ी व्यापारी अशोक ने खुद ही अपने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी थी ताकि वह अन्य आपराधिक मामले में पुलिस की गिरफ्त से बच सके।
डीसीपी भारती डबास ने पत्र वार्ता में बताया कि अशोक तूड़ी खरीदने-बेचने का करता है। मंगलवार को उसके पिता नानक ने बरोदा थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि अशोक सुबह बाइक लेकर जींद की ओर गया था। कुछ देर बाद उसने नूरनखेड़ा गांव के पास नहर के नजदीक से अपने रिश्तेदार को फोन कर बताया था कि चार-पांच युवक उसका पीछा कर रहे हैं। इसके बाद संपर्क टूट गया था।
सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे थे तो नहर के किनारे उसकी बाइक खड़ी मिली थी जबकि दूसरी ओर उसका कोट पड़ा था। अशोक के अपहरण के शक में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया था।
जांच में पता चला कि कुछ दिन पहले गांव बड़ौता के पास एक अन्य व्यापारी की तूड़ी से भरी ट्रॉली में आग लगाई गई थी। उसमें अशोक और उसका साथी अक्षय शामिल था। इस मामले में पुलिस का शिकंजा कसता देखकर अशोक ने खुद के अपहरण की साजिश रची।
बुधवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि अशोक पानीपत से गोहाना लौट रहा है। एसीपी राहुल देव ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में अशोक ने अपना जुर्म कबूलते हुए कहा कि उसने नूरनखेड़ा के पास खुद ही अपनी बाइक और कोट गिराया था ताकि यह लगे की अपहरण हुआ है। इसके बाद वह बस से पानीपत और उसके बाद पंजाब के लुधियाना चला गया।
तूड़ी व्यापारी ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
गांव खंदराई निवासी दूसरे तूड़ी व्यापारी वीरेंद्र ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि 16 दिसंबर को वह करनाल के गांव कुंदलान से ट्रैक्टर-ट्रॉली में तूड़ी भरकर लाया था। गांव बड़ौता के पास पेट्रोल पंप के नजदीक ट्रॉली खड़ी की थी। ट्रॉली में आग लगी मिली। सीसीटीवी फुटेज की जांच में साफ हुआ कि अशोक और उसके साथी ने ही पेट्रोल डालकर आग लगाई थी। इस घटना में वीरेंद्र को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ था।
पुलिस ने दोनों आरोपी किए गिरफ्तार
भारती डबास ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते आगजनी की गई थी। उसी मामले से बचने के लिए अपहरण की झूठी साजिश रची गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
फोटो :35: सोनीपत के गोहाना में खुद के अपहरण की साजिश रचने व तूड़े की ट्राली जलाने के आरोपी पुलिस