संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। टीकाराम शिक्षा महाविद्यालय में शनिवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि टीकाराम शिक्षा समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह दहिया और विशिष्ट अतिथि सेल्फी विद डाटर मुहिम चलाने वाले सुनील जागलान रहे।
मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षा जीवन की उन्नति की मूल आधार है। अनुशासन, परिश्रम एवं संस्कार विद्यार्थियों को ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत कर समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में योगदान करने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह राणा ने सत्र 2025-26 की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं विद्यार्थियों की सफलताओं का ब्योरा प्रस्तुत किया। मुख्यातिथि ने शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं अन्य सह पाठ्यक्रम गतिविधियों के क्षेत्र में विश्वविद्यालय और कॉलेज स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
वार्षिक परीक्षा 2025 में पहले तीन स्थान पर रहने वाली संजना, तन्नू और रश्मि को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। महाविद्यालय की गृह परीक्षाओं में बीएड प्रथम वर्ष में प्रियंका, स्वाति व ईशिता और बीएड द्वितीय वर्ष में पुष्पा, आरती व उर्मी ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कॉलेज की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में रोमी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रही। कार्यक्रम में टीकाराम कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उषा दहिया, सीआरए कॉलेज की प्राचार्य डॉ. जेएस फोर भी उपस्थित रहे।