सोनीपत। बहालगढ़ थाना क्षेत्र में मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। एक मामले में युवक पर लोहे के पाइप से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया गया जबकि दूसरे मामले में किराना दुकानदार को नुकीले हथियार से घायल कर दिया गया।
गांव मुकीमपुर निवासी योगेश ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि उनके घर के सामने मुकेश का घर है। आरोपी पहले भी कई बार विवाद और झगड़ा कर चुका है। देर रात जब वह अपने घर जा रहा था तभी मुकेश और उनके परिवार की महिला ने उन पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और सिर फट गया। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के साथ झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है।
पानी भरने को लेकर विवाद, दुकानदार पर हमला
गांव लिवासपुर निवासी सतीश ने बताया कि वह अपनी किराना दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में वह एक वॉटर कूलर पर पानी पीने के लिए रुका। वहां दो युवक कैन में पानी भर रहे थे। जब उन्होंने ऐसा करने से रोका तो दोनों युवकों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि एक युवक ने नुकीली वस्तु से उनके सिर पर वार किया और हाथ पर भी हमला किया जिससे उसकी एक अंगुली टूट गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।