शादी में गई हुई थी मालकिन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव सुचान में चोरों ने एक मकान में वारदात को अंजाम दे दिया। चोर मकान से एक एलईडी व 25 तोले चांदी के जेवरात चुराकर ले गए हैं। डिंग थाना पुलिस ने मकान मालकिन की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सुचान की भूरी देवी ने बताया कि सात फरवरी को वह अपनी रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थी। अगले दिन लौटी तो मकान के गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो एलईडी व संदूक से 25 तोले चांदी के जेवरात गायब मिले। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। जांच अधिकारी संदीप कुमार का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही अज्ञात लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।