गांव मसीता में सोमवार शाम को दो पक्षों में हुआ विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। उपमंडल के गांव मसीता में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने सोमवार देर शाम को हिंसक रूप ले लिया। इसमें एक ही परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पहले डबवाली के सरकारी अस्पताल और बाद में सिरसा रेफर किया गया। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में गांव मसीता निवासी जसकरण सिंह ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का कार्य करता है। उसके अनुसार, 23 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे उसका भतीजा जश्नदीप सिंह गांव में स्थित पप्पू की दुकान से दूध लेने गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद बलजीत सिंह और लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बु ने पुरानी रंजिश के चलते जश्नदीप सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
जसकरण सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी बच्चों द्वारा दिए जाने पर वह स्वयं, उसका भतीजा अंग्रेज सिंह, पत्नी सुखदीप कौर तथा अमनदीप कौर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान बलजीत सिंह ने ईंट उठाकर जसकरण सिंह के चेहरे पर हमला कर दिया। इससे उसकी नाक और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। वहीं, लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बु ने हथौड़े से जश्नदीप सिंह की कमर पर वार किया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जगसीर सिंह उर्फ जग्गा, अमन कौर तथा 2-3 अन्य व्यक्तियों ने भी परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर झगड़ा शांत करवाया। घायलों को आरोपियों से छुड़वाकर एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिरसा रेफर कर दिया। मेडिकल जांच में जसकरण सिंह के चेहरे की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है।
पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर बलजीत सिंह, लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बु, जगसीर सिंह उर्फ जग्गा, अमन कौर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।