गांव घुकांवाली से खाईशेरगढ़ के मध्य सड़क पर हुआ हादसा
फोटो - 19
संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। गांव घुकांवाली से खाईशेरगढ़ के मध्य सड़क पर सोमवार की रात 9:30 बजे 2 मोटरसाइकिलों की आपसी भिड़ंत में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार 2 लोगों की मौत हो गई।
सूचना के बाद ओढ़ां थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना का जायजा लेते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतकों में एक मोटरसाइकिल पर सवार करीब 40 वर्षीय मलकीत सिंह निवासी गांव खाईशेरगढ़ जबकि दूसरे मोटरसाइकिल पर सवार करीब 22 वर्षीय साहिल निवासी उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
साहिल गांव घुकांवाली के निकट स्थित एक फैक्टरी में कई साल से मजदूरी कर रहा था। वह पत्नी व 2 बच्चों के साथ फैक्टरी में ही रहता था। सोमवार की रात वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर खाईशेरगढ़ की तरफ से गांव घुकांवाली की ओर कुछ सामान लेने आ रहा था। वहीं, मलकीत सिंह निवासी खाईशेरगढ़ पेशे से किसान था और अविवाहित था। सोमवार रात्रि वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर घुकांवाली से खाईशेरगढ़ की तरफ जा रहा था।
रास्ते में दोनों के मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में घायल हुए दोनों लोगों को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने दोनों तरफ से इत्तेफाकिया घटना की कार्रवाई दर्ज की है।