रोहतक जिले के गांव सांघी के अध्यापक अनिल कौशिक को 5 सितंबर को राष्ट्रपति की ओर से राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से नवाजा जाएगा। ये सम्मान उनको 2024 में शुरू की गई उनकी वर्चुअल मैथमेटिक्स लैब के लिए दिया जाएगा। गांव के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के अध्यापक अनिल कौशिक ने उन बच्चों के लिए ये लैब की शुरूआत की थी जो गणित को कठिन मानते हैं।
राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान पाने वाले एकमात्र अध्यापक
अनिल कौशिक यह सम्मान पाने वाले हरियाणा के एकमात्र अध्यापक हैं। अनिल कौशिक बताते हैं कि 2011 में गणित अध्यापक लगे थे और सेंटा क्लियर कर 2022 से सांघी राजकीय मॉडल स्कूल में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने सबसे पहले 2017 में ऑफलाइन मैथमेटिक्स लैब शुरू की थी।
इसमें भारतीय गणितज्ञों की जीवनी, चार्ट और मॉडल के जरिये बच्चों को पढ़ाया जाता था। इस काम के लिए उन्हें हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी से भी सम्मानित किया जा चुका है।
वर्चुअल लैब की ये है खासियत
उन्होंने बताया कि कोरोना के बाद बच्चों तक पहुंच बनाने के लिए उन्होंने वर्चुअल लैब बनाई और 2024 से इसे सक्रिय किया। इस लैब में कक्षा 6 से 10 तक का एनसीईआरटी पाठ्यक्रम, भारतीय गणितज्ञों की जीवनी, फॉर्मूले, टीचिंग लर्निंग मैटीरियल सहित 12 वर्गों में पाठन सामग्री और 130 से अधिक मैथमेटिक्स पजल उपलब्ध हैं। अनिल ने खुद 300 से अधिक वीडियो बनाकर यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए हैं।