अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। आखिर 14 दिन बाद रोहतक को नया डीसी मिल गया। वीरवार शाम को प्रदेश सरकार ने 2018 बैच के आईएएस सतबीर सिंह रोहतक का डीसी बनाया। वह अब तक आयुष्मान भारत हरियाणा हेल्थ प्रोटेक्शन अथाॅरिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पर तैनात थे। उनके जल्द ही जिले में पहुंचकर चार्ज ग्रहण करने संभावना है।
6 अगस्त को डीसी सचिन गुप्ता का स्थानांतरण के अंबाला के लिए हुआ था। उसी दिन प्रदीप दहिया को रोहतक का डीसी बनाया गया था लेकिन कुछ ही घंटे बाद उनका तबादला रद्द कर पूर्व पद पर तैनाती दे दी गई थी। तब से डीसी का पद रिक्त चल रहा था।
एडीसी नरेंद्र कुमार को कार्यकारी प्रभार सौंपा गया था लेकिन नियमित डीसी नहीं होने के कारण बड़े प्रशासनिक निर्णय लटके हुए थे। स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजन को भी कार्यकारी डीसी के हवाले निकाला गया।
नए डीसी को करना पड़ेगा चुनौतियों का सामना
नए डीसी को कार्यभार संभालते ही कई चुनौतियों से दो-चार होना पड़ेगा। इन दिनों सबसे बड़ी समस्या सफाई कर्मचारियों की हड़ताल है। शहर में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। बारिश में टूटी सड़कों की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। गंदे पीने के पानी की समस्या सालों पुरानी है। लंबे समय से रुकी फाइलें और डीसी कोर्ट में लंबित वादों का निपटारा भी एक बड़ी चुनौती साबित होगा।