14- श्री एलएन हिंदू कॉलेज में मॉकड्रिल करते सिविल डिंफेस, रेड क्रॉस व अन्य प्रशासनिक अधिकारी। स
रोहतक। श्री एलएन हिंदू कॉलेज में शुक्रवार को सिविल डिफेंस विभाग की ओर से आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें कॉलेज परिसर में आग लगने और कई लोगों के घायल होने की काल्पनिक स्थिति बनाकर आपातकालीन बचाव कार्य का अभ्यास किया गया।
सायरन बजते ही आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू हुई। सूचना मिलते ही होमगार्ड, सिविल डिफेंस, रेड क्रॉस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर नवीन कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम ने घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, जबकि रेड क्रॉस टीम ने रवि दत्त के नेतृत्व में प्राथमिक उपचार दिया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाने के साथ विद्यार्थियों को अग्निशमन और बचाव के व्यावहारिक तरीके बताए। विद्यार्थियों को सुरक्षित निकासी, आपदा के समय संयम बनाए रखने और एजेंसियों के निर्देशों का पालन करने की जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल में विद्यार्थियों और स्टाफ ने अनुशासन के साथ भाग लिया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा, डॉ. रश्मि छाबड़ा, एनसीसी अधिकारी राजेश सहित स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि ऐसे अभ्यास आपात स्थिति में सही निर्णय लेने और जागरूकता बढ़ाने में सहायक होते हैं।