फोटो: 19रेवाड़ी। समाधान शिविर में लोगों की शिकायतों का समाधान करते डीसी अभिषेक मीणा। स्रोत:
रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में 50 से अधिक शिकायतों का समाधान किया गया। डीसी ने अधिकारियों से कहा कि वे समस्याओं का समाधान समय से करें।
समाधान शिविर में गांव कुंभावास निवासी राकेश ने बताा कि घर के समीप बिजली का खंभा जर्जर है। यह खंभा कभी भी गिर सकता है। इसे हटाया जाए। डीसी ने बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता को तत्काल प्रभाव से यह खंभा हटाकर नया खंभा लगवाने के निर्देश दिए।
रेवाड़ी निवासी सुनीता देवी ने डीसी को बताया कि उसे प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी का कनेक्शन नहीं मिल रहा है। डीसी ने जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए कि महिला को गैस का कनेक्शन दिलवाया जाए।
समाधान शिविर में पंचायती जमीन से अवैध कब्जे हटाए जाने, परिवार पहचान-पत्र में आय का विवरण का दुरुस्त करवाए जाने, वृद्घावस्था पेंशन को बहाल करवाने, लुहाना गांव में सड़क मार्ग से वृक्षों को हटवाने के लिए वन विभाग से अनुमति दिलवाने जैसी शिकायतों का निवारण तत्परता से किया गया।
डीसी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी जन शिकायतों का निपटारा निश्चित समय अवधि में करें, जिससे कि समाधान शिविर का उद्देश्य सार्थक हो सके। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायत पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट शीघ्र जमा करवा दें।
शिविर के दौरान एडीसी राहुल मोदी, एसडीएम सुरेश कुमार, नगराधीश जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।