आनंदपुर साहिब में सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही नजर।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब पुलिस ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों के जरिये अपराधी प्रवृत्ति वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए सेंटर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सिस्टम के साथ लिंक कर दिया है। प्रशासन ने शहर के प्रमुख मार्गों पर 300 कैमरे लगाए हैं। साथ ही टेंट सिटी में भी 200 कैमरे स्थापित किए हैं।
पुलिस विभाग के अनुसार थाना सिटी में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम से सेंटर को लिंक करने से यह फायदा होगा कि इसमें सभी आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का डाटा है। अगर कहीं पर भी ऐसे लोग सीसीटीवी के नजर में आते हैं तो वो कंट्रोल सेंटर को अलर्ट कर देंगे। इसके बाद संबंधित एरिया में तैनात पुलिस की जानकारी दी जाएगी ताकि वे समय पर उचित कार्रवाई कर सके।
इसके अलावा विभिन्न विभागों को भी सेंटर के साथ जोड़ा गया है ताकि किसी भी इमरजेंसी की स्थिति में संबंधित विभाग को जानकारी दी जा सके। खासकर स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। इसी तरह ड्रोन की भी चार टीमें तैनात की गई हैं जो पूरे शहर पर नजर रख रही हैं।
अन्य सुविधाओं सहित एंबुलेंस की तैनाती और 24 घंटे मुख्य कंट्रोल रूम के साथ तुरंत चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करना शामिल है। समागमों के लिए सुचारु एवं सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए पंजाब पुलिस ने सुरक्षा, सुविधा और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए भी व्यापक प्रबंध किए हैं।