दिघोट फाटक के पास रेल लाइन पर युवती का शव बरामद
पलवल। दिघोट फाटक के पास रेल लाइन पर अज्ञात युवती का शव कटी हुई अवस्था में बरामद हुआ। सूचना पाकर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन पहचान नही हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। जीआरपी में एएसआई के पद पर कार्यरत चंद्रपाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि दिघोट फाटक के पास रेलवे लाइनों पर एक युवती का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया गया। मृतका की उम्र करीब 25 वर्षीय व लंबाई पांच फुट के करीब है। मृतका हरे-सफेद रंग का जालीदार सूट व नीले सफेद रंग का पजामा पहने हुए है और हाथ में कलाया डोरा बंधा हुआ है व गले में सफेद रंग की चुन्नी डाले हुए है। मृतका के पास से ऐसा कुछ बरामद नहीं हुआ है जिससे उसकी पहचान हो सके।