संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। त्यौहारों के सीजन में पतंगें उड़ाने की तैयारी जोर पर है, लेकिन इसके साथ ही बाज़ारों में बिक रहा चाइनीज मांझा लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बन गया है। जिले में एनजीटी के स्पष्ट आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए खुलेआम मांझा बेचा जा रहा है। हाल ही में नगीना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा होते-होते बचा, जब एक ई-रिक्शा चालक की गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया। गनीमत यह रही कि रिक्शा चालक समय रहते संभल गया और उसकी जान बाल-बाल बच गई।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण और भारतीय न्याय संहिता के तहत नायलॉन, प्लास्टिक या कांच/धातु लेपित मांझे का निर्माण, बिक्री, भंडारण और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसका उल्लंघन करने पर ₹1 लाख तक का जुर्माना और 5 साल तक की जेल की सजा का प्रावधान है। इसके बावजूद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस छापेमारी अभियान नहीं चलाया गया है।
विधायक मामन खान इंजीनियर ने कहा कि प्रतिबंधित मांझा बेचने वाले दुकानदारों पर तुरंत सख्त पुलिस कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं नगीना निवासी हर्ष आर्य ने रोष जताते हुए कहा कि प्रशासन की ढिलाई के कारण आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। वहींए बीडीपीओ विशाल आजाद ने कहा कि इस पर तुरंत चर्चा की जाएगी और ऐसे अवैध विक्रेताओं के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।