संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्य का निरीक्षण किया और मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण व सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी बीएलओ, ईआरओ और एईआरओ अभियान को चुनावी तैयारियों की तरह गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य पूरा करें। उपायुक्त ने अधिकारियों को प्रतिदिन कार्य की समीक्षा करने तथा अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, एसडीएम होडल बलीना और एसडीएम हथीन हरिराम भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने कहा कि फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए ताकि अभियान की गति प्रभावित न हो। उन्होंने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के डैशबोर्ड के माध्यम से नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक बूथ पर प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।