महेंद्रगढ़। गांव बलायचा स्थित प्रसिद्ध बाबा ब्रह्मचारी आश्रम में चोरी की लगातार घटनाओं से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शनिवार देर रात चोरों ने आश्रम में घुसकर दानपात्रों के ताले तोड़ दिए और नकदी चोरी कर ली। चोरों ने पहचान छिपाने के लिए आश्रम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए।
आश्रम में पिछले 17 दिनों में यह तीसरी चोरी की घटना है। लगातार हो रही वारदातों को लेकर ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। रविवार को गांव के सरपंच पहलवान कंवर सिंह, नंबरदार राजकुमार, आश्रम सेवा समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने आश्रम परिसर में बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा की।
आश्रम सेवा समिति के सदस्य पवन कुमार और प्रबंध समिति के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि शनिवार रात चोर आश्रम की ऊंची दीवार फांदकर अंदर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाया और मंदिर के दानपात्रों के ताले तोड़कर करीब सात हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
चोरों ने आश्रम के कमरों के ताले भी तोड़े और डीवीआर वाले कमरे में घुसने का प्रयास किया। घटना का पता रविवार सुबह करीब चार बजे उस समय चला, जब पुजारी पूजा और आरती के लिए आश्रम पहुंचे। उन्होंने परिसर में सामान बिखरा और टूटे ताले देखे तो तुरंत समिति और ग्रामीणों को सूचना दी।
ग्रामीणों के अनुसार इससे पहले 14 जुलाई और 19 जुलाई को भी आश्रम में चोरी हुई थी। दोनों मामलों में पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि आश्रम में बार-बार चोरी होना धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला है। उन्होंने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। सूचना मिलने पर डायल-112 के जरिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
-
वर्जन:
आश्रम में दानपात्र तोड़े जाने और सीसीटीवी कैमरे उखाड़े जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। उनका कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-संजय कुमार, जांच अधिकारी, सदर थाना महेंद्रगढ़