नारनौल। गांव पटीकरा स्थित राजकीय बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक कॉलेज के छात्रों ने मंगलवार को मांगों को लेकर कॉलेज परिसर में धरना दिया। कॉलेज में हाॅस्टल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर छात्रों में भारी रोष है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। धरने पर बैठे छात्रों ने बताया कि आयुर्वेदिक कॉलेज की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी लेकिन चार साल बीत जाने के बावजूद अब तक यहां हाॅस्टल सुविधा शुरू नहीं की गई है।
इसके कारण दूर-दराज से आने वाले छात्रों को आवास के लिए गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि वे कई बार कॉलेज प्रशासन और अधिकारियों को हॉस्टल की मांग को लेकर अवगत करवा चुके हैं लेकिन इसके बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
छात्रों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री का गृह जिला होने के बावजूद कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। कॉलेज में न तो पीने के पानी की समुचित व्यवस्था है और न ही छात्रों के लिए कैंटीन की सुविधा है।
प्रदर्शन में शामिल छात्राओं ने बताया कि आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज जिस स्थान पर स्थित है वह क्षेत्र काफी सुनसान रहता है। ऐसे में शाम के समय कॉलेज से लौटते वक्त सुरक्षा को लेकर भय बना रहता है।
हाॅस्टल सुविधा न होने के कारण छात्राएं या तो आसपास अपने रिश्तेदारों के यहां रह रही हैं या फिर नारनौल शहर में किराए के कमरों में रहने को मजबूर हैं। वहीं कनीना और महेंद्रगढ़ में रहने वाली छात्राओं को समय पर परिवहन साधन न मिलने के कारण भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
छात्रों ने बताया कि वर्तमान में कॉलेज में करीब 300 छात्र अध्ययनरत हैं लेकिन चार वर्ष बीत जाने के बावजूद भी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। इससे न केवल छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है बल्कि उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य से भी समझौता हो रहा है।
छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे।
वर्जन:
दाखिले के समय हमने बता दिया था कि कॉलेज में अभी हास्टल सुविधा नहीं है। हाॅस्टल व कैंटीन बनवाने को लेकर फाइल आगे भेज दी गई है। इस बजट सत्र में इसके पास होने की पूरी उम्मीद है और इसके होते ही कॉलेज में हाॅस्टल व कैंटीन निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-श्रीनिवास गुर्जरवार, प्राचार्य एवं चिकित्सा अधीक्षक, आयुर्वेदिक कॉलेज पटीकरा।