महेंद्रगढ़। विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि गांव व शहरी क्षेत्रों में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक सोलर पैनल स्थापित कराने पर जोर दिया है। यह बात उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना व म्हारा गांव जगमग गांव योजना के तहत सोमवार को गांव दूलोठ अहीर में आयोजित कार्यक्रम में कही।
उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ में अधिकांश उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की सब्सिडी का सीधा लाभ मिलेगा। सोलर ऊर्जा अपनाने से न केवल बिजली बिल में भारी कमी आती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और ग्लोबल वार्मिंग से निपटने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
एसडीएम कनिका गोयल ने कहा कि सोलर ऊर्जा न केवल आर्थिक रूप से लाभकारी है बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि सोलर सिस्टम पर मिलने वाली केंद्र व राज्य सरकार की सब्सिडी से आमजन का निवेश दो से तीन वर्षों में ही वसूल हो जाता है जबकि संयंत्र की आयु 25 वर्षों से अधिक होती है।
डीएचबीवीएन के अधीक्षक अभियंता जोगेंद्र हुडा ने बताया कि योजना में केंद्र सरकार की सब्सिडी के लिए आय की कोई सीमा नहीं है, जबकि राज्य सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी के लिए निर्धारित आय एवं वार्षिक बिजली खपत का मानदंड है।