कुरुक्षेत्र। शहर के लोगों के लिए पानी का नया कनेक्शन लेना अब पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पानी के कनेक्शन पर लगने वाला रोड कट टैक्स खत्म कर दिया है, जिसके बाद अब उपभोक्ताओं को कनेक्शन के लिए पहले की तरह करीब 9500 रुपये खर्च नहीं करने पड़ेंगे। अब महज करीब 1500 रुपये में ही नया पानी कनेक्शन मिल सकेगा।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ गुरजिंदर सिंह ने बताया कि पहले पानी का नया कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को कनेक्शन फीस के साथ रोड कट टैक्स भी देना पड़ता था। इस टैक्स के कारण कुल खर्च करीब 9 से 10 हजार रुपये तक पहुंच जाता था, जिससे कई लोग नया कनेक्शन लेने से कतराते थे। अब रोड कट टैक्स खत्म होने से आम लोगों को बड़ी राहत मिली है।
जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन सुमित गर्ग ने कहा कि इस फैसले से अधिक से अधिक लोग अपने घरों में वैध पानी कनेक्शन लगवाने के लिए आगे आएंगे। इससे अवैध कनेक्शनों पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी और विभाग को राजस्व में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।विभाग के करीब 26 हजार पानी के कनेक्शन पहले से ही चल रहे हैं।