कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए अब कैंपस के अंदर इलेक्ट्रिकल बस सेवा की सुविधा मिलेगी। रोडवेज विभाग की ओर से पिपली से ज्योतिसर के लिए दो नए रूटों पर इलेक्ट्रिकल बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। इन बसों का संचालन सोमवार से किया जाएगा जिसके लिए विभाग ने पूरा टाइम टेबल भी जारी कर दिया है।
पहला रूट पिपली से ज्योतिसर वाया रेलवे स्टेशन तय किया गया है, दूसरा रूट पिपली से ज्योतिसर वाया लघु सचिवालय, एनआईटी और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर के अंदर से होकर गुजरेगा। खास बात यह है कि दूसरे रूट से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आगंतुकों को सीधे कैंपस के भीतर बस सेवा का लाभ मिलेगा।
प्रशासन के अनुसार इन दोनों रूटों पर लंबे समय से बस सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी। अभी तक इन मार्गों पर कोई नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं थी जिससे छात्रों और स्थानीय लोगों को निजी वाहनों या महंगे साधनों का सहारा लेना पड़ता था। नागरिकों की लगातार मांग को देखते हुए जिला प्रशासन और रोडवेज विभाग ने दो नए रूट तैयार कर इलेक्ट्रिकल बसों के संचालन का निर्णय लिया है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि पिपली से ज्योतिसर वाया रेलवे स्टेशन रूट पर बसें पिपली से सुबह 6:20 बजे, 8:00 बजे, दोपहर 2:40 बजे और सायं 4:30 बजे चलेंगी। वहीं ज्योतिसर से पिपली के लिए ये बसें सुबह 7:00 बजे, 8:40 बजे और दोपहर 3:50 बजे रवाना होंगी।
दूसरे रूट पर पिपली से ज्योतिसर वाया लघु सचिवालय, एनआईटी और केयूके के लिए बसें पिपली से सुबह 8:15 बजे, 10:15 बजे, 10:45 बजे, 11:50 बजे, दोपहर 2:45 बजे और सायं 4:45 बजे चलेंगी। ज्योतिसर से पिपली की ओर ये बसें सुबह 9:15 बजे, 11:45 बजे, दोपहर 12:40 बजे, 3:45 बजे और सायं 5:45 बजे रवाना होंगी।