इस्माईलाबाद। पुलिस ने मारपीट और गाली गलौज के आरोप में 20 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। यह घटना तीन जून को हुई थी। ठसकाअली निवासी निर्मल सिंह ने थाने में शिकायत दी। उन्होंने बताया कि तीन जून को बिंद्र उनके घर आया। बिंद्र ने आते ही गाली गलौज करना शुरू कर दिया। जब उसे ऐसा करने से रोका गया, तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ निर्मल सिंह के परिवार पर हमला कर दिया। उनके बेटे सतपाल, अमरीक, मनप्रीत, मंगल, शीश पाल और चरणजोत को चोटें आईं। परिवार ने घर का दरवाजा बंद करके अपनी जान बचाई। आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी देकर गए। घायलों को झांसा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी रामपाल ने बताया कि निर्मल सिंह की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। बिंद्र, गुरपाल सिंह, अर्जुन कुमार, तेजपाल, शीश पाल, हंस राज, कर्म चंद्र, गुरप्रीत, मनीष, अशोक कुमार, नरेश कुमार, बंटी, सुरेंद्र कुमार, ज्ञान चंद, सोहन लाल, मनोज कुमार, अमृत लाल, अमरजीत, रीना और सुनीता के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है।