कुरुक्षेत्र। एसआईआर कार्य के तहत जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों का ड्राफ्ट रोल तैयार हो चुका है। अब जिले के ड्राफ्ट रोल में 677498 मतदाता शामिल होंगे। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 106333 मतदाताओं के वोट काटे गए हैं।
इनमें 27708 मतदाताओं की मृत्यु, 32299 अनुपस्थित, 37986 स्थानांतरित, 5869 पहले से दर्ज और 2471 के अन्य कारण पाए गए। जिले में 810 बूथों पर 810 बीएलओ नियुक्त हैं। जिले में पहले 783831 मतदाता थे। इनमें से 677498 वोटरों के एन्यूमरेशन फार्म डिजिटाइज किए गए हैं। जिले में 48707 मतदाताओं के डाटा की मैपिंग नहीं हो पाई। बीएलओ द्वारा 111713 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। 106333 एन्यूमरेशन फार्म एकत्रित नहीं हो पाए। लाडवा विधानसभा क्षेत्र में 179384, शाहाबाद में 154795, थानेसर में 177491 और पिहोवा में 165828 मतदाता ड्राफ्ट रोल में शामिल हुए हैं। 31 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसे वेबसाइट के साथ हर जगह प्रकाशित किया जाएगा।
दावे और आपत्तियां
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि 31 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। यदि किसी मतदाता का नाम 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित होने वाली सूची में नहीं है, तो वह फार्म छह भर अपना नाम पुन: दर्ज करवा सकते हैं। किसी भी मतदाता का नाम बिना सुनवाई के नहीं काटा जाएगा। ईआरओ के निर्णय पर मतदाता 15 दिन के अंदर जिला स्तर पर अपील कर सकता है। समस्या आने पर 30 दिन के अंदर मुख्य निर्वाचन अधिकारी को अपील की जा सकती है।
अंतिम सूची और नोटिस फेज
3 अक्तूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। दावे व आपत्तियों के साथ-साथ 28 सितंबर 2026 तक नोटिस फेज और आपत्तियों के समाधान का कार्य भी चलेगा। नोटिस फेज में बीएलओ की तरफ से ऐसे मतदाताओं को नोटिस दिया जाएगा, जिनका पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से मिलान नहीं हो पाया है। यह उन मतदाताओं के लिए भी होगा जिनके मिलान में किसी भी प्रकार की विसंगतियां मिली हैं।