घरौंडा मंडी में यूपी का गेहूं खपाने का खेल उजागर, दो ट्रालियां पकड़ी गईं
– स्थानीय किसानों के नाम पर एमएसपी पर बिक्री के आरोप, जांच शुरू
घरौंडा।
अनाज मंडी में उत्तर प्रदेश से सस्ते दामों पर गेहूं लाकर हरियाणा के किसानों के नाम पर सरकारी समर्थन मूल्य पर बेचने का मामला सामने आया है। मार्केट कमेटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए यूपी से आई दो ट्रालियों को पकड़ लिया है, जिसके बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, व्यापारी उत्तर प्रदेश से करीब 2300 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से गेहूं खरीदकर उसे घरौंडा मंडी में 2585 रुपये प्रति क्विंटल के एमएसपी पर बेच रहे हैं। आरोप है कि इस गेहूं की एंट्री पोर्टल पर स्थानीय किसानों के नाम से की जा रही है और गेटपास भी उन्हीं के नाम पर काटे जा रहे हैं, जबकि वास्तविक रूप से फसल बाहर से लाई जा रही है।
मंडी में चल रहे इस खेल की चर्चाओं के बीच मार्केट कमेटी की टीम अचानक हरकत में आई और दो ट्रालियों को रोक लिया। इस दौरान मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। जांच में ट्रालियों के साथ आए लोग उत्तर प्रदेश के निवासी पाए गए। हालांकि संबंधित फर्म के मालिक ने इसे स्थानीय किसान की फसल बताने का दावा किया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने इस पर सवाल उठाए।
आढ़ती प्रवीण कुमार ने आरोप लगाया कि मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में यूपी से गेहूं आ रहा है और कुछ कर्मचारी कथित रूप से पैसे लेकर इसकी एंट्री करवा रहे हैं। उन्होंने इस पूरे मामले में मिलीभगत की आशंका जताई है।
वहीं मंडी सुपरवाइजर नरेश कुमार ने बताया कि यूपी से आई दो ट्रालियों और एक जीप को रोका गया था। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान दो ड्राइवर मौके से फरार हो गए, जबकि एक ट्राली का प्राइवेट गेटपास काटा गया है।
इस मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।